मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर और प्रख्यात फिल्म निर्माता बोनी कपूर की मां निर्मल कपूर का शुक्रवार शाम को निधन हो गया। 90 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में शाम 5:45 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन से कपूर परिवार सहित पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
निर्मल कपूर, हिंदी सिनेमा के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित निर्माता सुरिंदर कपूर की पत्नी थीं। सुरिंदर कपूर ने ‘फूल खिले हैं गुलशन गुलशन’, ‘पोंगा पंडित’, ‘लोफर’, ‘जुदाई’, ‘सिर्फ तुम’ और ‘पुकार’ जैसी चर्चित फिल्मों का निर्माण किया था। दोनों की शादी साल 1955 में हुई थी। सुरिंदर कपूर का निधन वर्ष 2011 में 85 वर्ष की आयु में हुआ था।

लंबे समय से चल रही थीं बीमार
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, निर्मल कपूर बीते कुछ महीनों से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। इसी कारण उन्हें कुछ समय पूर्व अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद शुक्रवार की शाम को उन्होंने अंतिम सांस ली।

अभी हाल ही में मनाया था 90वां जन्मदिन
सितंबर 2024 में निर्मल कपूर ने अपना 90वां जन्मदिन पूरे परिवार के साथ बेहद उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया था। यह पारिवारिक आयोजन सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा था। वायरल हुई तस्वीरों में अनिल कपूर, बोनी कपूर और संजय कपूर अपनी मां के साथ नजर आए थे। साथ ही अगली पीढ़ी जाह्नवी कपूर, शनाया कपूर और अर्जुन कपूर भी इस खास मौके पर परिवार के साथ दिखाई दिए थे। यह क्षण अब सभी के लिए एक कीमती और भावुक स्मृति बन गया है।

बॉलीवुड में मातृशक्ति का जाना
निर्मल कपूर का जीवन सादगी, गरिमा और पारिवारिक मूल्यों से भरा रहा। उन्होंने कपूर परिवार को सहेजने और जोड़कर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से न केवल कपूर परिवार, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री ने भी एक आदरणीय व्यक्तित्व को खो दिया है।