मुंबई। मनोरंजन जगत से एक दिल तोड़ देने वाली खबर सामने आई है। ‘कांटा लगा’ म्यूजिक वीडियो से रातों-रात स्टार बनीं और ‘बिग बॉस 13’ की चर्चित कंटेस्टेंट शेफाली जरीवाला का महज 42 वर्ष की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। यह दुखद घटना 27 जून की रात हुई, जब अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के कूपर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से श्मशान तक… पति पराग त्यागी का टूटा दिल
Shefali Jariwala को आनन-फानन में उनके पति और टीवी अभिनेता पराग त्यागी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। लेकिन डॉक्टरों की कोशिशें नाकाम रहीं और पराग के सामने ही उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर 28 जून को ओशिवारा श्मशान घाट ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम विदाई के वक्त का नजारा हर किसी की आंखें नम कर गया। पति पराग त्यागी, जो अस्पताल से लेकर श्मशान तक उनके साथ रहे, पूरी तरह टूटे नजर आए। एक वीडियो में उन्हें शेफाली की अर्थी के पास बैठकर फूट-फूट कर रोते देखा गया। वहीं, शेफाली की मां भी खुद को संभाल नहीं पा रहीं थीं।

सितारों की आंखें भी हुईं नम
‘बिग बॉस 13’ के उनके को-कंटेस्टेंट हिंदुस्तानी भाऊ ने उन्हें कंधा दिया। रश्मि देसाई और शहनाज गिल जैसे कई टीवी सितारे भी अंतिम दर्शन को पहुंचे। इस अचानक हुई मौत ने पूरी टीवी और फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है।

शोहरत की ऊंचाइयों से अलविदा तक…
साल 2002 में ‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर हुईं शेफाली ने म्यूजिक वीडियोज़, फिल्मों और रियलिटी शोज में खास पहचान बनाई थी। ‘बिग बॉस 13’ में उनकी दमदार मौजूदगी ने उन्हें एक बार फिर चर्चा में ला दिया था।

हालांकि, शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक कार्डियक अरेस्ट को उनकी मौत की वजह माना जा रहा है, लेकिन मेडिकल जांच की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। बताया जा रहा है कि उन्हें पहले बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोशल मीडिया पर शोक की लहर
सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर सेलेब्स तक सभी ने अपने-अपने तरीके से शेफाली को श्रद्धांजलि दी। उनकी मुस्कान, ऊर्जा और ऑन-स्क्रीन उपस्थिति को लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।
