मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर एक बार फिर सोशल मीडिया पर छा गए हैं, इस बार अपने दादा और हिंदी सिनेमा के महानायक राज कपूर के आइकॉनिक लुक को अपनाकर। वायरल हो रहे एक वीडियो में रणबीर टोपी, छड़ी, कोट-पैंट और पोटली के साथ बिल्कुल वैसा ही अंदाज़ अपनाए हुए नजर आ रहे हैं जैसा राज कपूर ने अपनी फिल्म ‘आवारा’ में निभाया था। इस लुक में रणबीर को देखकर लोग उन्हें प्यार से ‘आवारा रणबीर’ कहकर बुलाने लगे हैं, और “आवारा हूं…” की धुन हर किसी की जुबां पर लौट आई है।
वीडियो में रणबीर कपूर की साइलेंट एंट्री ने हर किसी को चौंका दिया। उन्होंने बिना कुछ बोले मुस्कुराकर लोगों का अभिवादन किया, और उनका यह अंदाज़ राज कपूर के क्लासिक स्टाइल की याद दिला गया। फैंस इस लुक को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं कोई इसे किसी स्पेशल ट्रिब्यूट प्रोजेक्ट का हिस्सा मान रहा है, तो कोई कह रहा है कि यह कपिल शर्मा शो के लिए शूट किया गया है। वहीं कुछ यूज़र्स रणबीर के इस अंदाज़ को ‘क्यूट नॉटी बॉय’ का टैग दे रहे हैं और सोशल मीडिया पर जमकर तारीफें कर रहे हैं।

रणबीर कपूर के इस लुक के साथ ही उनका एक बचपन का प्यारा वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें राज कपूर अपने नन्हे पोते रणबीर से बात करते नजर आ रहे हैं और गाने के लिए कह रहे हैं। यह भावुक वीडियो फैंस को कपूर खानदान की विरासत और दादा-पोते के खूबसूरत रिश्ते की याद दिला रहा है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर इन दिनों नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ और संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ में व्यस्त हैं। इसके अलावा उनके पास ‘धूम 4’, ‘ब्रह्मास्त्र 2’, ‘रामायण पार्ट 2’, और ‘एनिमल पार्क’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स भी लाइन में हैं, जो अगले कुछ सालों तक उनके शेड्यूल को पूरी तरह व्यस्त रखने वाले हैं।
रणबीर का यह ‘आवारा’ अंदाज़ न केवल एक स्टाइलिश ट्रिब्यूट है, बल्कि यह दर्शाता है कि राज कपूर की विरासत आज भी जीवंत है, और अगली पीढ़ी उसे बड़े सम्मान के साथ आगे बढ़ा रही है।