रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इनमें 40 पुरुष बंदियों ने कंप्यूटर शिक्षा तथा 30 महिला बंदियों ने ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह पहल बंदियों को रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने और समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कंप्यूटर और ब्यूटी पार्लर का दिया गया प्रशिक्षण
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ तथा 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ पाठ्यक्रम के तहत ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले बंदियों को आयोजित कार्यक्रम में प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
निश्चय कार्यक्रम से बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। निश्चय कार्यक्रम इसी उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में सार्थक पहल है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का महत्वपूर्ण आधार है। कंप्यूटर प्रशिक्षण से बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास विकसित होगा। वहीं महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग एवं ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण मिलने से रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
शिक्षा और हुनर से मजबूत होगी आत्मनिर्भरता की नींव
कार्यक्रम की अध्यक्षता जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने की। उन्होंने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले बंदियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। तकनीकी ज्ञान एवं व्यावसायिक दक्षता के माध्यम से बंदी भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।
जेलों को सुधार एवं पुनर्वास केंद्र बनाने की पहल
निश्चय कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और पुनर्वास के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से बंदियों को जेल में बिताए समय का रचनात्मक उपयोग करने तथा रिहाई के बाद आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
