सिनेमा : साल 2024 की ब्लॉकबस्टर पैन-इंडिया फिल्म ‘हनु-मैन’ की सफलता के बाद अब इसके अगले भाग ‘हनुमान 2: द राइज ऑफ वानराज’ (HanuMan 2: The Rise of Vanaraj) का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। फिल्म को लेकर सबसे बड़ा बदलाव मुख्य अभिनेता के रूप में सामने आया है। पहली फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले तेजा सज्जा की जगह अब पंजा वैष्णव तेज इस नई फिल्म में मुख्य किरदार निभाते नजर आएंगे।
फिल्म का अनाउंसमेंट पोस्टर जारी करते हुए निर्माताओं ने नई फैंटेसी दुनिया की झलक दिखाई है। फिल्म का लेखन और निर्देशन वी.आई. आनंद करेंगे, जबकि के. निरंजन रेड्डी और चैतन्य रेड्डी इसके निर्माता हैं। फिल्म को तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है।
भव्य फैंटेसी दुनिया में नजर आएंगे वैष्णव तेज
फिल्म के जारी पोस्टर में एक व्यक्ति बादलों के बीच ऊपर उठता दिखाई दे रहा है। उसके चारों ओर दिव्य आभा नजर आ रही है, जो फिल्म की भव्य फैंटेसी और रोमांचक कहानी की ओर संकेत करती है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक फिल्म की कहानी और किरदारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
पोस्टर जारी करते हुए निर्माताओं ने कहा कि ‘हनु-मैन’ की विरासत को आगे बढ़ाते हुए एक और बड़े विजन के साथ नई फिल्म पेश की जा रही है। पंजा वैष्णव तेज के साथ इस नए प्रोजेक्ट को लेकर टीम उत्साहित है।
निर्माता बोले- भारतीय संस्कृति और कल्पना से जुड़ी कहानी होगी
निर्माता के. निरंजन रेड्डी ने फिल्म को लेकर कहा कि वे हमेशा भारतीय संस्कृति और कल्पना से जुड़ी कहानियों की ताकत में विश्वास करते हैं। ‘हनु-मैन’ के बाद टीम ऐसी नई फैंटेसी दुनिया तलाशना चाहती थी, जिसे बड़े सिनेमाई स्तर पर दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ‘हनुमान 2: द राइज ऑफ वानराज’ इसी सोच का परिणाम है। रोमांचक कहानी, भव्य सिनेमाई प्रस्तुति और पंजा वैष्णव तेज की मुख्य भूमिका के साथ दर्शकों के लिए कुछ खास पेश करने की तैयारी है।
‘हनु-मैन’ ने बॉक्स ऑफिस पर कमाए थे 295 करोड़ रुपये से अधिक
तेजा सज्जा अभिनीत फिल्म ‘हनु-मैन’ वर्ष 2024 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी। फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 295.29 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
फिल्म के भारत में नेट कलेक्शन की बात करें तो यह लगभग 201.91 करोड़ रुपये रहा, जबकि घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 238.29 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। विदेशी बाजारों से फिल्म ने करीब 57 करोड़ रुपये कमाए थे।
भाषा के अनुसार फिल्म के कलेक्शन में तेलुगु संस्करण का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिसने लगभग 145.54 करोड़ रुपये कमाए। हिंदी संस्करण ने 52.29 करोड़ रुपये, कन्नड़ संस्करण ने 1.91 करोड़ रुपये, तमिल संस्करण ने 1.72 करोड़ रुपये और मलयालम संस्करण ने लगभग 45 लाख रुपये का कारोबार किया था।
‘हनुमान 2: द राइज ऑफ वानराज’ की घोषणा के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। अब फिल्म की कहानी, अन्य कलाकारों और रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
