नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यता संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे। तीन दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 20 से 22 नवंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य यूरेशिया और SCO क्षेत्र की समृद्ध एवं परस्पर जुड़ी सभ्यतागत विरासत को सामने लाना, लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना तथा विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री उद्घाटन समारोह में उपस्थित विद्वानों, प्रतिनिधियों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को संबोधित भी करेंगे। इस मंच पर विभिन्न देशों के शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि साझा ऐतिहासिक विरासत, परंपराओं और सभ्यताओं के आपसी संबंधों पर विचार-विमर्श करेंगे।
2025 में पीएम मोदी ने दिया था सभ्यतागत संवाद मंच का प्रस्ताव
इस मंच की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस प्रस्ताव से हुई, जिसे उन्होंने वर्ष 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था। उन्होंने SCO के अंतर्गत सभ्यतागत संवाद के लिए एक समर्पित मंच बनाने का सुझाव दिया था। बाद में SCO के बिश्केक घोषणापत्र में इस पहल का स्वागत किया गया।
‘वसुधैव कुटुंबकम’ की थीम पर आधारित होगा आयोजन
‘वसुधैव कुटुंबकम – पूरी दुनिया एक परिवार है’ की थीम पर आधारित यह मंच भारत और यूरेशिया के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को उजागर करेगा। कार्यक्रम के दौरान ‘अस्तित्व – हमारे होने का सार’ (ASTITVA – The Essence of Our Existence) शीर्षक से विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रदर्शनी में 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के माध्यम से दिल्ली के इतिहास की झलक प्रस्तुत की जाएगी। इसमें खुदाई से प्राप्त अवशेष, कलाकृतियां, वास्तुकला के अंश और अन्य महत्वपूर्ण ऐतिहासिक खोजें शामिल होंगी।
इसके अलावा ‘महाभारत स्क्रॉल पैवेलियन – अनंत: 18वीं सदी का एक दुर्लभ महाभारत स्क्रॉल’ भी प्रदर्शित किया जाएगा, जो भारत की समृद्ध महाकाव्य और कलात्मक परंपराओं को दर्शाएगा।
साझा सांस्कृतिक विरासत पर चार विषयगत सत्र
21 और 22 नवंबर को मंच के अंतर्गत चार प्रमुख विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्वान, शिक्षाविद, विषय विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इन सत्रों में सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के अंतर्गत संगीत, प्रदर्शन कलाएं, वस्त्र, खान-पान और पारंपरिक खेलों पर चर्चा होगी। इसके अलावा कला एवं वास्तुकला में साझा परंपराएं, भाषा एवं साहित्यिक परंपराएं तथा लिपियों और पांडुलिपियों की विरासत पर विचार-विमर्श किया जाएगा। मठों से जुड़े ऐतिहासिक मार्गों और दार्शनिक परंपराओं पर भी चर्चा होगी।
इस आयोजन के माध्यम से SCO सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने, साझा विरासत को समझने और लोगों के बीच आपसी संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
