बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को कथित तौर पर रंगदारी और जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता को एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज भेजा गया है। इसमें संदेश भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में चिंता बढ़ गई है। हालांकि, अब तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है।
धमकी भरे ऑडियो की जांच कर रही मुंबई पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आयुष्मान खुराना को मिले ऑडियो मैसेज की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस इस रिकॉर्डिंग की आवाज का मिलान एक ऐसे आरोपी की आवाज से कर रही है, जिसका नाम पहले से पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी के पीछे वास्तव में किसी गैंग का हाथ है या कोई व्यक्ति गैंग के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है।
तुषार कपूर को धमकी मिलने के बाद आया मामला
आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने की खबर अभिनेता तुषार कपूर को धमकी भरा कॉल आने के ठीक एक दिन बाद सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, तुषार कपूर को ‘हैरी बॉक्सर’ नाम के व्यक्ति ने फोन किया था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की मांग की थी। हालांकि, शुरुआती जांच में उस ऑडियो क्लिप के फर्जी होने की आशंका भी जताई गई थी।
टाइगर श्रॉफ की कार के पास गोलीबारी के बाद बढ़ी थी सुरक्षा
यह मामला मुंबई में बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच सामने आया है। इससे कुछ सप्ताह पहले 18 अक्टूबर को जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार के पास गोलीबारी की घटना हुई थी। यह वारदात पुष्पा पार्क के पास हुई थी। घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर को चोट आई थी। इसके बाद जुहू और बांद्रा में कई बॉलीवुड अभिनेताओं के घरों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी।
वर्क फ्रंट पर आयुष्मान खुराना
फिल्मों की बात करें तो आयुष्मान खुराना हाल ही में सारा अली खान के साथ स्पाई-कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आए थे। आकाश कौशिक के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। उपलब्ध ट्रेड आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने भारत में 12 दिनों में 45.05 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 65.41 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
अब आयुष्मान खुराना सूरज आर. बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में शरवरी के साथ दिखाई देंगे। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है।
