रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, हस्तशिल्प, प्राकृतिक सुंदरता और विकास की संभावनाओं की शानदार झलक देखने को मिली। राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य एवं संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया के सामने नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ का प्रदर्शित स्वरूप प्रदेश में परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास तथा स्थानीय हुनर और आर्थिक संभावनाओं के अनूठे संगम को दर्शाता है।
राज्य गठन के बाद पहली बार इतने बड़े मंत्रिमंडल के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। यहां छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय विरासत और विकास की अनूठी झलक देखने को मिल रही है, जो प्रदेश की बदलती तस्वीर और नई पहचान को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और अनूठी लोक परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखता है। गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा जैसे लोक नृत्य प्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। लोक कलाकारों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी इन परंपराओं को सहेजकर रखा है।
राज्यपाल ने निवेशकों से छत्तीसगढ़ में निवेश करने की अपील की
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य है। प्रदेश में इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अपार अवसर उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार सृजन और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्यपाल ने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों एवं निवेशकों से छत्तीसगढ़ की संभावनाओं का लाभ उठाने और प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के विकास से स्थानीय लोगों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक समारोह का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, मांदर, ढोल और अन्य लोक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच कलाकारों ने प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत कर दिया।
गौर नृत्य के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं, गौरा-गौरी नृत्य से लोक आस्था, भोजली नृत्य से कृषि संस्कृति, राउत नाचा से पारंपरिक लोक जीवन तथा सुआ नृत्य से महिलाओं की सांस्कृतिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत की गई।
पंथी नृत्य के माध्यम से सतनामी समाज की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन किया गया, वहीं करमा नृत्य ने प्रकृति और सामूहिक उत्सव की भावना को जीवंत कर दिया। कलाकारों की रंग-बिरंगी वेशभूषा और सामूहिक नृत्य मुद्राएं दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
छत्तीसगढ़ पवेलियन में हस्तशिल्प, कोसा सिल्क और मिलेट उत्पादों का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों एवं उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बस्तर की पारंपरिक बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषणों, हथकरघा वस्त्रों और वनोपज आधारित उत्पादों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों का भी अवलोकन किया तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किए जाने की सराहना की।
चित्रकोट जलप्रपात का 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव बना आकर्षण
छत्तीसगढ़ पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव की मुख्यमंत्री ने विशेष सराहना की। इस तकनीक के माध्यम से आगंतुकों को बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करना पर्यटन को बढ़ावा देने का अभिनव प्रयास है। इससे देश-विदेश के आगंतुक छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं से परिचित हो सकेंगे।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित इस समारोह ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक संभावनाओं, पर्यटन और विकास की नई तस्वीर को देश-दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
