रायगढ़ जिले से शैक्षणिक भ्रमण पर रायपुर पहुंचे छात्र-छात्राओं ने वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी से उनके रायपुर स्थित निवास पर आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों से शिक्षा, करियर, भविष्य की संभावनाओं और जीवन में सफलता हासिल करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और पूरी लगन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रायगढ़ से आए छात्र-छात्राओं ने रायपुर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण कर वहां की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन सुविधाओं और उच्च शिक्षा के अवसरों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद विद्यार्थियों ने वित्त मंत्री श्री चौधरी से मुलाकात की और उनके निवास का भी भ्रमण किया।
विद्यार्थियों से संवाद कर ताजा की छात्र जीवन की यादें
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने बचपन और विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा किए।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। परिस्थितियां कैसी भी हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे प्राप्त करने का दृढ़ संकल्प हो, तो सफलता का रास्ता बनाया जा सकता है।
विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव
वित्त मंत्री ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान अर्जित ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और अनुभव जीवनभर काम आते हैं। उन्होंने बच्चों को जिज्ञासु बने रहने, नई चीजें सीखने और जीवन में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी।
शिक्षा से व्यक्तित्व निर्माण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा
श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य का आधार है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार रायगढ़ सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और विकास के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के ज्ञान और अनुभव का दायरा बढ़ाती हैं। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों को नजदीक से देखने और उनकी व्यवस्थाओं को समझने से विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा तथा भविष्य को लेकर नई सोच विकसित होती है।
विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि रायगढ़ के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और संकल्प के बल पर जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे तथा अपने परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
