रायपुर। बालोद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट दिनकर’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत पहले चरण में जिले के 15 गांवों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जीकृत गांव बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत ग्रामीणों के घरों में 2 किलोवाट क्षमता तक के सोलर पैनल लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि इस योजना के तहत हितग्राहियों से किसी प्रकार का अतिरिक्त अंशदान नहीं लिया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रथम चरण के लिए चयनित गांवों के सरपंचों एवं सचिवों के साथ बैठक कर प्रोजेक्ट दिनकर की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और पंचायत पदाधिकारियों से सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
शून्य अंशदान मॉडल से घरों में लगेंगे सोलर पैनल
प्रोजेक्ट दिनकर के तहत चयनित गांवों में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से घरों में 2 किलोवाट तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इनकी स्थापना का पूरा खर्च केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी तथा निर्धारित मॉडल के माध्यम से वहन किया जाएगा। इससे ग्रामीण परिवारों को बिजली बिल से राहत मिलेगी और बिजली खर्च शून्य करने की दिशा में मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित मकानों के साथ-साथ गांवों के अन्य घरों में भी प्राथमिकता के आधार पर सोलर पैनल स्थापित किए जाएंगे।
महिला स्व-सहायता समूह बनेंगे सोलर वेंडर, रोजगार के खुलेंगे नए अवसर
इस परियोजना के तहत महिला स्व-सहायता समूहों को सोलर वेंडर के रूप में तैयार किया जाएगा। क्षेत्र की महिलाएं सोलर दीदी के रूप में पहचान बनाएंगी और सोलर पैनलों के इंस्टालेशन एवं मेंटेनेंस का कार्य करेंगी। इसके लिए महिला समूहों का आवश्यक वेंडर पंजीकरण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी की राशि संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) के खाते में हस्तांतरित की जाएगी। इसके लिए संबंधित हितग्राहियों से सहमति पत्र प्राप्त किया जाएगा। इस मॉडल से महिला समूहों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
सरकारी भवनों, स्कूलों और स्ट्रीट लाइटों को भी मिलेगी सौर ऊर्जा
प्रोजेक्ट दिनकर के अंतर्गत गांवों के सभी सरकारी भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्ट्रीट लाइटों को भी सौर ऊर्जा से संचालित करने की योजना बनाई गई है। संबंधित अधिकारियों को परियोजना का कार्य तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन 15 गांवों में शुरू होगा पहला चरण
प्रथम चरण में उकारी, नलकसा, हिड़कापार, कुंवागोंदी, कोपेडेरा, तुएदण्ड, दुहकाटोला, कुमुडकट्टा, गैंजी, परसुटोला, जमही, अड़जाल, कामता, औराटोला तथा गुजरा गांवों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जीकृत बनाने के लिए चयनित किया गया है।
ग्राम स्तर पर बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को परियोजना की जानकारी दी जाएगी और उनकी सहमति प्राप्त कर कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ उपस्थित रहे।
