बुडापेस्ट में आयोजित टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट टूर्नामेंट में भारतीय ग्रैंडमास्टर्स अर्जुन एरिगेसी और आर प्रज्ञानानंदा ने अपने मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। अर्जुन एरिगेसी ने आर्मागेडन बाजी में नीदरलैंड के जोर्डन वान फॉरेस्ट को हराया, जबकि प्रज्ञानानंदा ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की।
आर्मागेडन में अर्जुन एरिगेसी की शानदार जीत
नौवें से 12वें स्थान के लिए खेले जा रहे मुकाबले में अर्जुन एरिगेसी और जोर्डन वान फॉरेस्ट के बीच दूसरे दिन का खेल रोमांचक रहा। पहले दिन अर्जुन ने 11.5-8.5 से जीत दर्ज की थी, लेकिन दूसरे दिन उन्हें 8-12 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद मुकाबले का फैसला आर्मागेडन बाजी में हुआ।
आर्मागेडन में वान फॉरेस्ट ने काले मोहरों से खेलने का फैसला किया। वह लंबे समय तक जीत की स्थिति में रहे, लेकिन 34वीं चाल में अपनी बढ़त गंवा बैठे। अर्जुन ने इस मौके का फायदा उठाया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इससे पहले अर्जुन चार ब्लिट्ज बाजियों में से दो और एक फास्ट क्लासिक बाजी हार गए थे। हालांकि, उन्होंने एक रेपिड बाजी जीतकर और दूसरी ड्रॉ खेलकर वापसी की। अब अर्जुन नौवें स्थान के क्लासीफिकेशन मुकाबले में हाइक एम मार्टिरोसियन से भिड़ेंगे।
प्रज्ञानानंदा ने पिछड़ने के बाद की दमदार वापसी
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। फास्ट क्लासिक बाजी से पहले प्रज्ञानानंदा 3.5-8.5 से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने काले मोहरों से जीत दर्ज कर दूसरे दिन का मुकाबला 11.5-8.5 से अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ प्रज्ञानानंदा ने 21वें स्थान के लिए अभिमन्यु मिश्रा के खिलाफ मुकाबले में जगह बना ली। यदि वह यह मुकाबला हार जाते, तो उन्हें 23वें-24वें स्थान के लिए अपनी बहन आर वैशाली के खिलाफ खेलना पड़ता।
वैशाली को अभिमन्यु मिश्रा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा
टूर्नामेंट में सबसे कम रेटिंग वाली खिलाड़ी आर वैशाली को अभिमन्यु मिश्रा के खिलाफ तीनों ब्लिट्ज और दोनों रेपिड बाजियों में हार मिली। उन्हें फास्ट क्लासिक बाजी में वॉकओवर मिला, लेकिन मिश्रा पहले ही मुकाबला जीतकर अगले दौर में पहुंच चुके थे।
टूर्नामेंट में जीत के लिए अलग-अलग प्रारूपों में अंक निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक दिन सात बाजियां खेली जाती हैं, जिनमें चार ब्लिट्ज, दो रेपिड और एक फास्ट क्लासिक बाजी शामिल होती है। ब्लिट्ज में जीत पर एक अंक, रेपिड में जीत पर चार अंक और फास्ट क्लासिक में जीत पर आठ अंक दिए जाते हैं। ड्रॉ होने पर दोनों खिलाड़ियों को आधा-आधा अंक मिलता है।
गिरी और फिरोजा ने फाइनल में बनाई जगह
नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनिश गिरी और फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा ने अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
गिरी ने सेमीफाइनल के दूसरे दिन मैक्सिम वाचियेर-लाग्रेव को 12.5-7.5 से हराया। वहीं, फाबियानो करुआना ने फिरोजा के खिलाफ फास्ट क्लासिक बाजी जीतकर दूसरे दिन का स्कोर 15-5 कर दिया और मुकाबले को टाईब्रेकर तक पहुंचा दिया। हालांकि, फिरोजा ने रोमांचक आर्मागेडन मुकाबले में जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। करुआना समय समाप्त होने के कारण हार गए।
अब वाचियेर-लाग्रेव और करुआना तीसरे स्थान के लिए भिड़ेंगे।
कार्लसन ने भी क्लासीफिकेशन मुकाबले में बनाई बढ़त
विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन ने बिबिसारा असाउबायेवा के खिलाफ चारों ब्लिट्ज मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। रेपिड में एक जीत और एक ड्रॉ के साथ उन्होंने 17वें से 20वें स्थान के क्लासीफिकेशन मुकाबले में 10-2 की बढ़त हासिल कर ली।
अगले दौर में जगह सुनिश्चित होने के बाद कार्लसन ने फास्ट क्लासिक बाजी छोड़ दी, जिससे दिन का स्कोर 10-10 से बराबर हो गया। हालांकि, मंगलवार को मिली जीत के आधार पर वह अगले दौर में पहुंच गए। अब उनका सामना व्लादिस्लाव आर्टेमिएव से होगा, जिन्होंने एंड्रयू होंग के खिलाफ काले मोहरों से आर्मागेडन मुकाबला जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।
