रायपुर। राजधानी रायपुर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सरोना में 100 बिस्तर का आधुनिक अस्पताल निर्माणाधीन है। लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले इस अस्पताल से सरोना सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। पूर्व मंत्री एवं रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत ने निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक राजेश मूणत ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
18 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होंगी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं
सरोना में निर्माणाधीन 100 बिस्तर के अस्पताल में सामान्य चिकित्सा, प्रसूति एवं शिशु रोग, सर्जरी और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके अलावा अस्पताल में एक्स-रे, पैथोलॉजी, ओपीडी, भर्ती मरीजों के लिए बेड तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना है।
अस्पताल के निर्माण से रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय नागरिकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
स्थानीय लोगों को घर के पास मिलेगा बेहतर इलाज
अस्पताल शुरू होने के बाद सरोना और आसपास के इलाकों के लोगों को सामान्य उपचार, जांच और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की परेशानी कम होगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों का समय तथा खर्च दोनों बचने की उम्मीद है।
