रायपुर। छत्तीसगढ़ के विकास, औद्योगिक प्रगति, शिक्षा, व्यापार और सामाजिक गतिविधियों में तेलुगु समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज के लोगों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उद्यमशीलता से प्रदेश में विशिष्ट पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल होकर तेलुगु समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रदेश के विकास में उसके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का रिश्ता केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि आत्मीयता और विश्वास का भी है। तेलुगु समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन में समाज की सक्रिय भागीदारी विविधता में एकता की भावना को मजबूत करती है।
पांच दशकों की गौरवशाली यात्रा पर आंध्रा एसोसिएशन को बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि पांच दशकों का यह सफर केवल एक संगठन की उपलब्धियों का इतिहास नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है।
आंध्रा एसोसिएशन ने समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों और समाज के सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
व्यापार, शिक्षा और उद्योग में तेलुगु समाज की विशेष पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलुगु समाज के लोग मेहनत, अनुशासन और उद्यमशीलता के लिए जाने जाते हैं। छत्तीसगढ़ में व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति है। भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में भी तेलुगु समाज से जुड़े इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
समाज की कर्मठता और सक्रिय भागीदारी से प्रदेश के औद्योगिक विकास को निरंतर मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी विशेषता उसकी सांस्कृतिक विविधता है और विभिन्न भाषाओं एवं परंपराओं का सुंदर संगम राष्ट्रीय एकता की शक्ति है।
रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क परियोजना से बढ़ेगा व्यापार
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच बेहतर सड़क संपर्क दोनों राज्यों के विकास की नई संभावनाओं को साकार करेगा। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित किए जा रहे सड़क मार्ग से आवागमन अधिक सुगम होगा।
इस परियोजना से यात्रा के समय और दूरी में कमी आने के साथ माल परिवहन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे दोनों राज्यों के बीच आर्थिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे तथा व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार के नए अवसर पैदा होंगे।
मातृभाषा और संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अपनी मातृभाषा, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण प्रत्येक समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलन विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले समाज के लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने, अनुभव साझा करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं का संगम प्रदेश की विशेष पहचान है। तेलुगु समाज की सक्रिय भागीदारी प्रदेश की सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक समृद्धि को और मजबूत करती है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य, संगीत और रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से तेलुगु समाज की समृद्ध लोककला, सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, आर. सुब्बा राव, श्रीनिवास पटनायक सहित आंध्रा एसोसिएशन के पदाधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
