छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण राज्यपाल श्री रमेन डेका ने किया। इस अवसर पर आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट संसदीय कार्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, संसदीय गरिमा और स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है, जिसकी प्रतिष्ठा जनप्रतिनिधियों के आचरण, व्यवहार और विचारों से निर्धारित होती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से जनता के प्रति उत्तरदायी रहते हुए प्रदेश के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा प्रदेश के विकास और जनहित के संकल्पों को साकार करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि राज्य की विधानसभा ने संसदीय अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की ऐसी परंपराएं स्थापित की हैं, जिनकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना होती है। मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की सराहना की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण विधानसभा के विकास की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता अलंकरण केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि संसदीय लोकतंत्र की श्रेष्ठ परंपराओं को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है।
समारोह में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक श्री राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से सम्मानित किया गया। संसदीय पत्रकारिता के लिए दैनिक पत्रिका के श्री संतराम साहू तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में उत्कृष्ट रिपोर्टिंग के लिए आईबीसी-24 के श्री सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को सम्मान प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रख्यात भजन गायक श्री अनूप जलोटा ने अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप, नेता प्रतिपक्ष श्री चरणदास महंत, विधायकगण, वरिष्ठ अधिकारी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
