तेहरान, अमेरिका और इजरायल के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने स्पष्ट कहा है कि सैन्य आक्रामकता, आर्थिक प्रतिबंधों और बाहरी दबाव के बावजूद ईरान ने विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि देश अपनी आंतरिक क्षमताओं और जनता की भागीदारी के दम पर आगे बढ़ता रहेगा। ईरान किसी भी बाहरी दबाव के सामने झुकने वाला नहीं है।
ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, राष्ट्रपति पेजेशकियान गुरुवार को एक नई शहरी ट्रेन लाइन के पहले चरण के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने देशवासियों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने की अपील की।
प्रतिबंध और युद्ध भी नहीं रोक सके ईरान की प्रगति
राष्ट्रपति पेजेशकियान ने कहा कि ईरान के विरोधी देश की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को कमजोर करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। प्रतिबंधों और युद्ध के कारण देश के सामने कई चुनौतियां खड़ी हुई हैं, लेकिन इसके बावजूद ईरान ने महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि विरोधी नहीं चाहते कि ईरान विकास करे, लेकिन देश की आंतरिक ताकत और जनता की भागीदारी के माध्यम से विकास और समृद्धि का रास्ता जारी रखा जाएगा।
अमेरिका और इजरायल के दबाव के आगे नहीं झुकेंगे
राष्ट्रपति ने बुधवार रात और गुरुवार सुबह रजवी खोरासान प्रांत के दौरे के दौरान भी देश की संप्रभुता और सुरक्षा को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि ईरान की जनता अपने देश की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी और अमेरिका या इजरायल के दबाव के आगे नहीं झुकेगी।
उनका कहना था कि बाहरी ताकतें आर्थिक दबाव बढ़ाने के साथ-साथ ईरान के सामाजिक और राजनीतिक मतभेदों का फायदा उठाने की कोशिश कर रही हैं।
‘न युद्ध, न शांति’ की स्थिति पर जताई चिंता
पेजेशकियान ने क्षेत्रीय तनाव के बीच ईरान की मौजूदा स्थिति को ‘न युद्ध, न शांति’ जैसी परिस्थिति बताया। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य को लेकर कोई भी फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया जाना चाहिए। इसके लिए देश की क्षमताओं, उपलब्ध संसाधनों, संभावित परिणामों और राष्ट्रीय लक्ष्यों को ध्यान में रखना जरूरी है।
उन्होंने आंतरिक स्तर पर बातचीत और आम सहमति बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनके मुताबिक, राजनीतिक और सामाजिक मतभेदों को बढ़ने देना बाहरी विरोधियों के हित में हो सकता है।
AI के सैन्य इस्तेमाल पर भी ईरान ने उठाए सवाल
इस बीच संयुक्त राष्ट्र में ईरान के प्रतिनिधि गुलामहोसैन दर्जी ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ईरान के खिलाफ घातक हमलों को अंजाम देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर रहा है।
ईरानी प्रतिनिधि ने सैन्य अभियानों में एआई तकनीक के इस्तेमाल की निगरानी संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में किए जाने की मांग भी उठाई है।
तेहरान, वाशिंगटन और तेल अवीव के बीच बढ़ते तनाव के बीच पेजेशकियान के इन बयानों को ईरान की आर्थिक चुनौतियों, राष्ट्रीय एकजुटता और विदेश नीति के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
