रायपुर, सरगुजा संभाग में सड़क आवागमन को बेहतर और सुविधाजनक बनाने के लिए खरसिया नाका रोड और सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क निर्माण का काम तेजी से किया जा रहा है। दोनों सड़कों के निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। सीतापुर में सड़क निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई की आवश्यक अनुमति भी मिल गई है। निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के लिए दिन के साथ रात में भी काम जारी है।
खरसिया नाका रोड का काम तीन महीने में होगा पूरा
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र की खरसिया नाका रोड जलजमाव की समस्या वाला क्षेत्र है। करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में तेजी लाई गई है। अब तक 300 मीटर हिस्से में डामरीकरण का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष हिस्से में सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा है।
सड़क चौड़ीकरण के लिए जिला प्रशासन ने 40 से अधिक अतिक्रमण हटाए हैं। निर्माण कार्य के दौरान लोगों को धूल और असुविधा से बचाने के लिए प्रतिदिन 6 से 7 टैंकर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि अगले तीन महीनों में इस सड़क का निर्माण पूरा कर लिया जाए।
सीतापुर में छह महीने में तैयार होगी सड़क
सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क निर्माण का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई की अनुमति प्राप्त हो चुकी है। फिलहाल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।
बरसात के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। सड़क को अगले छह महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समय सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए रात में भी निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
आवागमन होगा आसान और सुरक्षित
खरसिया नाका रोड और सीतापुर की सड़क का निर्माण पूरा होने से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को काफी सुविधा मिलेगी। बेहतर सड़क निर्माण से आवागमन अधिक सुगम, तेज और सुरक्षित होगा। साथ ही क्षेत्र में लंबे समय से बनी सड़क संबंधी समस्याओं से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
