मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री दयानन्द ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे में तेजी से आधुनिक अधोसंरचना विकसित की जा रही है, जिससे देश के विकास को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई मजबूती मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित और नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाना है।
