Bilasapur गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के वीर सावरकर बालक छात्रावास में रहने वाले छात्रों के लिए जारी एक आदेश ने चिंता बढ़ा दी है। छात्रावास अधीक्षक की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि परीक्षा समाप्त होने के 48 घंटे के भीतर छात्रों को हॉस्टल खाली करना होगा।
चीफ वार्डन और असिस्टेंट वार्डन की सहमति से जारी पत्र में छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को निर्देशित किया गया है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान हॉस्टल छोड़ते समय वे अपनी पूरी सामग्री साथ ले जाएं।
आदेश के अनुसार, छात्रों को जाने से पहले कमरे का ताला खोलकर केयरटेकर से कमरे में उपलब्ध सामग्री का सत्यापन कराना होगा। इसके साथ ही मेस वेंडर से “नो ड्यूज” प्रमाणित कराने के बाद ही छात्रावास प्रशासन के पास औपचारिक रूप से कमरा जमा करना होगा।
एक अन्य पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि छात्रावास नियमों के तहत परीक्षा समाप्त होने के 48 घंटे के भीतर सभी छात्रों को हॉस्टल खाली करना अनिवार्य होगा।
इस आदेश के बाद कई छात्रों में चिंता बढ़ गई है। विशेष रूप से वे छात्र परेशान हैं जो दूसरे जिलों या राज्यों से पढ़ाई के लिए बिलासपुर आए हैं और जिनके सामने सामान रखने तथा तुरंत घर लौटने जैसी व्यावहारिक समस्याएं खड़ी हो सकती हैं।
फिलहाल इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
