स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने आज दुर्ग में 144.78 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण किया। यह नया खेल परिसर रविशंकर स्टेडियम के समीप आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। मंत्री श्री यादव ने फीता काटकर इस अत्याधुनिक सुविधा को आम जनता और खिलाड़ियों को समर्पित किया।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा विश्वस्तरीय अभ्यास का अवसर
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री यादव ने कहा कि यह नई खेल सुविधा दुर्ग के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए एक सक्षम और प्रेरक वातावरण प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल जिले में खेल गतिविधियों को नई दिशा और ऊर्जा देगी तथा उभरती प्रतिभाओं को सशक्त मंच उपलब्ध कराएगी।
मंत्री ने यह भी बताया कि इस अत्याधुनिक कोर्ट के कारण अब खिलाड़ी रात्रिकालीन अभ्यास सहित बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
मंत्री और कलेक्टर ने कोर्ट में खेले शॉट
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव और कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने स्वयं रैकेट थामकर नए इंडोर कोर्ट में बैडमिंटन खेलकर इसकी उन्नत सुविधाओं का अनुभव लिया। खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि उपस्थित
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, सभापति श्री श्याम शर्मा, एमआईसी सदस्य श्रीमती शशि द्वारिका साहू, श्री महेंद्र लोढ़ा, पार्षद श्री संजय अग्रवाल, श्री मनोज सोनी, श्री कुलेश्वर साहू और बैडमिंटन ग्रुप के सदस्य सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
