नई दिल्ली। हेल्थ और फिटनेस के दौर में लोग अक्सर महंगे विदेशी फूड्स जैसे ब्लूबेरी को अपनी डाइट में शामिल करना पसंद करते हैं, लेकिन भारत में मिलने वाले कई देसी फल भी पोषण के मामले में बेहद खास होते हैं। इन्हीं में से एक है करौंदा, जिसे हेल्थ एक्सपर्ट्स एक बेहतरीन देसी सुपरफूड मानते हैं।
करौंदा छोटा जरूर होता है, लेकिन इसमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें फेनोलिक एसिड, फ्लेवोनोइड्स और एंथोसायनिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट कंपाउंड मौजूद होते हैं, जो शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं।
करौंदे में मौजूद पोषक तत्व ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा यह हार्ट और लिवर की सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद फाइबर और पेक्टिन पाचन तंत्र को बेहतर रखने में मदद करते हैं।
यह फल विटामिन C और आयरन का भी अच्छा स्रोत माना जाता है, जिससे शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है और खून की कमी से बचाव में सहायता मिल सकती है। इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण त्वचा को स्वस्थ रखने में भी मददगार हो सकते हैं।
करौंदे को डाइट में शामिल करने का आसान तरीका है इसकी चटनी बनाकर खाना। जुलाई से सितंबर के बीच मिलने वाले इस मौसमी फल की चटनी बनाने के लिए करौंदा, प्याज, लहसुन, हरी या लाल मिर्च, साबुत धनिया, जीरा और नमक को पीसकर स्वादिष्ट चटनी तैयार की जा सकती है।
हालांकि, किसी भी खाद्य पदार्थ का सेवन व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति और जरूरत के अनुसार करना चाहिए। किसी बीमारी या विशेष स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।
