Rohit Sharma TV Debut : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अब क्रिकेट के मैदान के बाद टीवी की दुनिया में अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। उनका नया शो ‘Family Full House with Rohit Sharma’ 19 सितंबर 2026 से सोनी टीवी पर प्रसारित होगा। शो का टीजर सामने आने के बाद फैंस के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। इस शो में रोहित का अंदाज क्रिकेट से बिल्कुल अलग और मनोरंजक नजर आने वाला है।
रोहित शर्मा पहली बार टीवी शो में आएंगे नजर
रोहित शर्मा ने क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाने के बाद अब मनोरंजन की दुनिया में कदम रखा है। ‘Family Full House’ के जरिए वह पहली बार टेलीविजन होस्ट के तौर पर दर्शकों के सामने दिखाई देंगे। मेकर्स पिछले कुछ समय से शो से जुड़े अलग-अलग प्रोमो जारी कर रहे थे, लेकिन अब इसके नाम और प्रीमियर डेट का आधिकारिक खुलासा कर दिया गया है।
शो के नए टीजर में रोहित शर्मा को हल्के-फुल्के और मजेदार अंदाज में देखा जा सकता है। इससे संकेत मिल रहा है कि कार्यक्रम में क्रिकेट के साथ-साथ मनोरंजन, बातचीत और कई दिलचस्प गेम्स का भी तड़का देखने को मिलेगा।
टीजर में क्रिकेट और बॉलीवुड के चेहरे
‘Family Full House’ के टीजर में क्रिकेट और मनोरंजन जगत के कई चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं। श्रेयस अय्यर, शार्दुल ठाकुर, अभिषेक नायर, कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव शो का हिस्सा बनते दिखाई दे रहे हैं। सभी कलाकार और क्रिकेटर रोहित शर्मा के साथ मजेदार सेगमेंट में नजर आएंगे।
शो का फॉर्मेट ऐसा रखा गया है, जिसमें अलग-अलग मेहमानों के साथ मजेदार चुनौतियां और गेम्स खेले जाएंगे। ऐसे में दर्शकों को अपने पसंदीदा चेहरों का एक अलग अंदाज देखने को मिल सकता है।
‘गार्डन’ और ‘गली क्रिकेट’ वाले डायलॉग पर रोहित ने की मस्ती
शो के एक प्रोमो में रोहित शर्मा अपने फैंस के बीच नजर आते हैं। इस दौरान कुछ फैंस उनसे उनके चर्चित ‘गार्डन’ और ‘गली क्रिकेट’ वाले डायलॉग दोहराने की मांग करते हैं। रोहित इस पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए कहते हैं कि उन्होंने तो सिर्फ दो लाइनें बोली थीं, लेकिन वे इतनी वायरल हो गईं।
इसके बाद रोहित इशारा करते हैं कि जब पूरा शो सामने आएगा तो उसका असर कितना बड़ा होगा। उनका यह मजेदार अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
19 सितंबर से सोनी टीवी पर होगा प्रीमियर
‘Family Full House with Rohit Sharma’ का प्रीमियर 19 सितंबर 2026 से सोनी टीवी पर होने जा रहा है। रोहित शर्मा की लोकप्रियता को देखते हुए शो को क्रिकेट फैंस के बीच भी खास प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है।
सोनी टीवी के आगामी कार्यक्रमों में अमिताभ बच्चन के साथ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का नया सीजन और भारती सिंह-हर्ष लिंबाचिया का गेम शो भी शामिल है। ऐसे में रोहित शर्मा का नया शो चैनल के मनोरंजन लाइनअप में एक खास आकर्षण बनने वाला है।
