नई दिल्ली : स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से जुड़े उस विवाद में उनके और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज सभी FIR को अदालत ने रद्द कर दिया है, जिसमें दिव्यांग लोगों को लेकर कथित तौर पर असंवेदनशील टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया था। कोर्ट के इस फैसले के बाद समय रैना समेत अन्य आरोपियों को बड़ी कानूनी राहत मिली है।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एपिसोड से शुरू हुआ था विवाद
समय रैना के चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के पहले सीजन के एक एपिसोड में दिव्यांग लोगों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक और असंवेदनशील टिप्पणियों के बाद विवाद खड़ा हो गया था। मामले ने तूल पकड़ा तो समय रैना समेत शो से जुड़े कई लोगों के खिलाफ अलग-अलग जगहों पर FIR दर्ज की गई थीं। इस विवाद के चलते शो को भी बंद करना पड़ा था।
इन लोगों के खिलाफ भी दर्ज हुई थीं FIR
इस मामले में समय रैना के अलावा कॉमेडियन विपुल गोयल, बलराज घई, निशांत तंवर और सोनाली ठक्कर के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई थी। सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद इन सभी को राहत मिल गई है और मामले से संबंधित FIR रद्द कर दी गई हैं।
दिव्यांगों के लिए किए गए काम का कोर्ट ने लिया संज्ञान
मामले की सुनवाई के दौरान समय रैना की ओर से किए गए सामाजिक कार्यों का भी उल्लेख हुआ। बताया गया कि कोर्ट के निर्देशों के बाद उन्होंने दिव्यांग लोगों के लिए काम करने वाले संगठनों को आर्थिक मदद दी और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में योगदान दिया। इसके अलावा दिव्यांग लोगों के लिए शतरंज प्रतियोगिता आयोजित करने की पहल भी की गई।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
फैसला सुनाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जब ईमानदार प्रयास किए जाते हैं तो सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि संबंधित सभी लोग युवा और प्रतिभाशाली हैं तथा यदि उन्होंने सही दिशा में काम करना शुरू किया है तो इसके सकारात्मक नतीजे मिलेंगे। कोर्ट की इस टिप्पणी के साथ मामले में दर्ज FIR को रद्द करने का रास्ता साफ हुआ।
अब ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के नए सीजन पर नजर
विवादों के बाद समय रैना ने अब ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का दूसरा सीजन भी शुरू कर दिया है। नया सीजन यूट्यूब के साथ-साथ नेटफ्लिक्स पर भी दर्शकों के लिए उपलब्ध है। सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद अब समय रैना के प्रशंसकों की नजर उनके आगामी प्रोजेक्ट्स और शो के नए सीजन पर बनी हुई है।
