मुंबई। डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ का खिताब छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी रितेश पाल ने अपने नाम कर लिया है। ग्रैंड फिनाले में शानदार परफॉर्मेंस के दम पर रितेश ने ट्रॉफी जीतने के साथ ही 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी हासिल किया। उनकी इस जीत के बाद रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।
प्रतीक उतेकर के मार्गदर्शन में हासिल की बड़ी कामयाबी
रितेश पाल ने यह सफर अपने कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर के साथ पूरा किया। दोनों की जोड़ी ने पूरे सीजन में बेहतरीन तालमेल और दमदार प्रस्तुतियों से जजों और दर्शकों का दिल जीता। ग्रैंड फिनाले में रितेश ने बाकी सभी फाइनलिस्ट को पीछे छोड़ते हुए विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की।
अंशिका धारा बनीं फर्स्ट रनर-अप, प्रथमेश माने रहे सेकंड रनर-अप
‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ का फिनाले बेहद रोमांचक रहा। रितेश पाल के अलावा अंशिका धारा, प्रथमेश माने, दिपाली बोरकर और गीतांजलि मारवाह जैसे प्रतिभाशाली प्रतियोगियों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं। अंतिम मुकाबले में अंशिका धारा फर्स्ट रनर-अप रहीं, जिन्हें 3 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। वहीं प्रथमेश माने सेकंड रनर-अप बने और उन्हें 2 लाख रुपये का इनाम दिया गया।
पूरे सीजन में दिखा रितेश का शानदार प्रदर्शन
रितेश पाल ने पूरे सीजन में अपनी अलग डांस स्टाइल और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन से पहचान बनाई। ‘इंडिया वाला डांस’ थीम के दौरान उन्होंने कई तरह के
डांस फॉर्म्स में अपनी प्रतिभा दिखाई। कंटेंपरेरी डांस बैकग्राउंड से आने वाले रितेश ने अलग-अलग डांस शैलियों को अपनाते हुए खुद को साबित किया। शो के दौरान उन्होंने तीन बार बैटल ट्रॉफी जीतकर अपनी खास उपलब्धि भी दर्ज की।
रितेश ने जीत का श्रेय प्रतीक उतेकर और जजों को दिया
अपनी जीत के बाद रितेश पाल ने अपने कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर के समर्थन और जजों के मार्गदर्शन को सफलता की वजह बताया। उन्होंने कहा कि पूरे सफर के दौरान मिली सलाह और मेहनत ने उन्हें हर हफ्ते बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
ग्रैंड फिनाले में बॉलीवुड सितारों की रही मौजूदगी
इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5 का ग्रैंड फिनाले सितारों से सजा रहा। शो के जज करिश्मा कपूर, जावेद जाफरी, गीता कपूर और टेरेंस लुईस ने प्रतियोगियों का हौसला बढ़ाया। इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ, अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अभिनेत्री तमन्ना भाटिया भी विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। सभी ने रितेश की मेहनत और शानदार डांस प्रतिभा की सराहना की।
रायपुर के रितेश की जीत से छत्तीसगढ़ में जश्न
रितेश पाल की इस सफलता ने छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में रोशन किया है। डांस के बड़े मंच पर रायपुर के इस कलाकार की जीत को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
