रायपुर, छत्तीसगढ़ की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग ‘छत्तीसगढ़ हॉकी लीग’ (CHL) के पहले सीजन के लिए दो दिवसीय चयन ट्रायल सोमवार से रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 पर शुरू हो गया। ट्रायल के लिए कुल 373 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 223 खिलाड़ी पहले दिन मैदान पर उतरे और चयन के लिए अपना प्रदर्शन किया।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने ट्रायल स्थल पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों से बातचीत कर उनके खेल और तैयारियों की जानकारी ली।
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की जड़ें काफी गहरी हैं और चयन ट्रायल में खिलाड़ियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी इस बात का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मैदान पर खिलाड़ियों के भीतर हॉकी के प्रति जुनून देखने को मिला है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य ऐसे ही युवा खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना है, जहां उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को राज्य से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उप मुख्यमंत्री ने ट्रायल में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दीं।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की छह टीमों के लिए खिलाड़ियों के चयन के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा यह ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। चयन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार संचालित की जा रही है।
ट्रायल की निगरानी खेल अधिकारियों, विशेषज्ञों, हॉकी संघ के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों के पैनल द्वारा की जा रही है। पैनल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, रायपुर की वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का, बिलासपुर के वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ की ओर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, राजनांदगांव के अनुराग श्रीवास्तव और वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अमिताभ मानिकपुरी शामिल हैं।
29 सितंबर को भी सुबह 9 बजे से चयन ट्रायल जारी रहेगा। ट्रायल पूरा होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची और चयन प्रक्रिया का प्रतिवेदन खेल संचालनालय को सौंपा जाएगा। इसी के आधार पर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की छह टीमों का गठन किया जाएगा।
21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होगा पहला सीजन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। लीग में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी आधारित टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।
इन टीमों में राजधानी रॉयल्स, चित्रकोट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों का दल होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ी और राज्य के बाहर के चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे।
‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ टैगलाइन के साथ आयोजित होने वाली इस लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में हॉकी के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी अनुभव देना और उन्हें आगे बढ़ने के नए अवसर उपलब्ध कराना है। लीग के जरिए राज्य में हॉकी के विकास के साथ छत्तीसगढ़ की खेल पहचान और क्षेत्रीय गौरव को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
