रायपुर, एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी को राज्य सरकार 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में संजू देवी से सौजन्य मुलाकात के दौरान यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने उन्हें ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और पूरे देश का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं में अपार सामर्थ्य है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय महिला कबड्डी टीम के शानदार प्रदर्शन के संबंध में चर्चा की। उन्होंने संजू देवी के खेल के प्रति समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि वह हजारों युवाओं के सपनों को भी नई उड़ान देती है। संजू देवी की सफलता से प्रदेश के गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की रहने वाली संजू देवी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में रहने वाली प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के पर्याप्त अवसर मिलें।
संजू देवी ने 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि की घोषणा और सम्मान के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से मिला यह प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
