Raaka Update : अल्लू अर्जुन की आगामी फिल्म ‘राका’ को लेकर फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। एटली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण, रश्मिका मंदाना और जान्हवी कपूर जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं। फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन रिपोर्ट्स में प्रोजेक्ट से जुड़े कई दिलचस्प अपडेट सामने आ रहे हैं।
दीपिका के किरदार की सुरक्षा करेंगी रश्मिका
फिल्म से जुड़े चर्चित अपडेट के मुताबिक, रश्मिका मंदाना कहानी में दीपिका पादुकोण के किरदार की रक्षक की भूमिका निभा सकती हैं। बताया जा रहा है कि दीपिका का किरदार बेहद मुश्किल परिस्थितियों में फंसी एक महिला का हो सकता है। कहानी में उसके अस्तित्व और पहचान की लड़ाई दिखाई जा सकती है, जिसमें रश्मिका का किरदार उसकी सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि दीपिका के किरदार को प्राचीन वैदिक काल से जोड़कर पेश किया जा सकता है। हालांकि, इन सभी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि अभी मेकर्स की ओर से नहीं की गई है।
अल्लू अर्जुन निभा सकते हैं तीन अलग-अलग किरदार
‘राका’ को लेकर सबसे बड़ा अपडेट अल्लू अर्जुन के रोल से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता फिल्म में ट्रिपल रोल में नजर आ सकते हैं। उनके तीनों किरदार एक-दूसरे से काफी अलग होने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि इनमें से एक किरदार योद्धा का हो सकता है, जबकि दूसरे किरदार में अल्लू अर्जुन का डार्क और खतरनाक अंदाज देखने को मिल सकता है। तीसरे किरदार को लेकर अभी पूरी तरह से पर्दा नहीं उठाया गया है। अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो अल्लू अर्जुन के करियर में यह एक बेहद अलग और चुनौतीपूर्ण भूमिका हो सकती है।
फैंटेसी और नए क्रिएचर्स से बनेगी अलग दुनिया
‘राका’ को सिर्फ एक एक्शन फिल्म के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में बड़े पैमाने पर फैंटेसी एलिमेंट्स शामिल किए जाएंगे। कहानी में जंगली जानवरों के साथ-साथ कुछ काल्पनिक क्रिएचर्स और अलग-अलग प्रजातियों को भी दिखाया जा सकता है।
जान्हवी कपूर के आदिवासी लड़की का किरदार निभाने की चर्चा है। वहीं, ऐश्वर्या लेक्ष्मी के किरदार को ग्रे शेड वाला बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म में कई किरदारों के बीच टकराव और रहस्य देखने को मिल सकता है।
रामोजी फिल्म सिटी में तैयार होगा बड़ा सेट
फिल्म के अगले शूटिंग शेड्यूल को लेकर भी चर्चा तेज है। बताया जा रहा है कि हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में फिल्म के लिए एक विशाल सेट तैयार किया गया है। इसी सेट पर इंटरवल ब्लॉक और अल्लू अर्जुन के कुछ बड़े एक्शन सीक्वेंस फिल्माए जाने की खबर है।
फिल्म की कहानी, स्टारकास्ट और बड़े स्तर के विजुअल्स को देखते हुए ‘राका’ को अल्लू अर्जुन के करियर की महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। हालांकि, ट्रिपल रोल, किरदारों और कहानी से जुड़े ज्यादातर अपडेट फिलहाल रिपोर्ट्स पर आधारित हैं और मेकर्स की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
