Actress Sanchita Ugale : मुंबई। टीवी और फिल्म जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। अभिनेत्री संचिता उगले का 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनका शव मुंबई के नालासोपारा स्थित उनके आवास में फंदे से लटका हुआ पाया गया। यह घटना रविवार शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच की बताई जा रही है, जिससे पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिवार के साथ रहती थीं संचिता उगले
जानकारी के अनुसार, संचिता अपने माता-पिता और 15 वर्षीय छोटी बहन के साथ रहती थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत नजदीकी तुलिंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज की ADR, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
टीवी और फिल्मों में बनाई अपनी पहचान
संचिता उगले ने टीवी इंडस्ट्री में कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया था। वह ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे चर्चित शोज में नजर आ चुकी थीं। इसके अलावा उन्होंने फिल्म ‘छावा’ में ताराबाई की भूमिका निभाकर भी दर्शकों के बीच पहचान बनाई थी।
मनोरंजन जगत में शोक की लहर
उनके अचानक निधन की खबर से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक का माहौल है। फैंस और सह-कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
