सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत महासमुंद जिले में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर में करीब 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा को समर्पित यह आयोजन जिले में जनभागीदारी के बड़े उत्सव का रूप लेगा।
कार्यक्रम का मुख्य आयोजन अटल परिसर, महासमुंद में होगा, जहां लगभग 8 हजार दीपों से परिसर को रोशन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के प्रमुख मंदिरों, चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, पंचायत भवनों, पीडीएस भवनों, अमृत सरोवरों, ग्रामीण बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से ‘हर घर एक दीया’ जलाकर इस जनअभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
एक साथ रोशन होंगे जिले के प्रमुख स्थल
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम महासमुंद जिले में सेवा और संकल्प की सामूहिक रोशनी दिखाई देगी। कार्यक्रम के लिए समयबद्ध तैयारियां की जा रही हैं। शाम 5 बजे से 6 बजे तक चिन्हित स्थलों पर साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था तथा ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था पूरी की जाएगी। इसके बाद शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी और रंगोली प्रदर्शन होगा।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की दीदियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी चिन्हित शहरी चौक, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और मोहल्लों में एक साथ सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में जलेंगे 5.51 लाख से अधिक दीप
कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में 5 लाख 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक शासकीय प्रतिष्ठान, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, पीडीएस भवन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे।
विकासखंडवार भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। महासमुंद में करीब 1 लाख 5 हजार, बसना में 1 लाख 2 हजार, पिथौरा में 1 लाख 26 हजार, बागबाहरा में 1 लाख 11 हजार तथा सरायपाली में 1 लाख 7 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस तरह अकेले ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 5 लाख 51 हजार दीपों से सेवा और संकल्प की रोशनी बिखरेगी।
वहीं नगरीय क्षेत्रों में बसना, पिथौरा, तुमगांव और सरायपाली में करीब 20 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य है। जिले में प्रारंभिक रूप से करीब 5 लाख 83 हजार दीप जलाए जाएंगे, जिसे जनभागीदारी के माध्यम से बढ़ाकर करीब 6 लाख दीपों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
टास्कफोर्स और नोडल अधिकारियों ने संभाली तैयारियों की कमान
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने टास्कफोर्स और सभी नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां 16 सितंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रभारी कलेक्टर ने कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। चिन्हित स्थलों पर दीप, प्रकाश, साज-सज्जा, रंगोली, बैठक और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
आशीर्वाद के दीप से रोशन होगा सेवा और संकल्प का संदेश
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से सेवा, समर्पण, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जिले के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ जलने वाले दीप सामाजिक एकजुटता और जनभागीदारी के प्रतीक बनेंगे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों, ग्रामीणों, नगरीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक समूहों की सहभागिता से इस अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों के साथ
