धमतरी, आर्थिक परिस्थितियां अब बेटियों की उच्च शिक्षा में बाधा न बनें, इसी उद्देश्य से अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन ने अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र छात्राओं को स्नातक शिक्षा पूरी करने तक हर साल 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
यह राशि ट्यूशन फीस सहित शिक्षा से जुड़े अन्य जरूरी खर्चों के लिए उपयोग की जा सकेगी। चयनित छात्राओं को उनके स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि के अनुसार 2 से 5 वर्षों तक सहायता मिलेगी। इस तरह पूरी अवधि में अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति प्राप्त हो सकती है।
मेरिट, जाति या धर्म के आधार पर नहीं होगा चयन
स्कॉलरशिप के लिए चयन मेरिट, जाति, आय या धर्म के आधार पर नहीं किया जाता। सरल पात्रता शर्तों और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के जरिए अधिक से अधिक छात्राओं तक योजना का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कलेक्टर ने दिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पात्र छात्राओं की पहचान कर विशेष अभियान चलाने और आवेदन प्रक्रिया में मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी भी छात्रा की उच्च शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने छात्राओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में आवेदन करें और महाविद्यालयों से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करें।
21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की छात्राएं पात्र
वर्ष 2026-27 में स्कॉलरशिप का तीसरा कोहोर्ट शुरू किया जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ सहित 19 राज्य और 2 केंद्रशासित प्रदेश शामिल हैं। कुल 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की छात्राएं इसके लिए पात्र हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
2026-27 सत्र के लिए वे छात्राएं आवेदन कर सकती हैं, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पात्र राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के सरकारी स्कूल से नियमित छात्रा के रूप में पूरी की हो। इसके साथ ही 2026-27 में भारत के किसी सरकारी संस्थान या मान्यता प्राप्त निजी कॉलेज/विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले मान्यता प्राप्त स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया होना जरूरी है।
दो चरणों में आवेदन का मौका
पहले चरण में 10 से 31 अगस्त 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं। दूसरा आवेदन चरण 10 से 31 जनवरी 2027 तक रहेगा। आवेदन केवल अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है।
आवेदन के लिए छात्राओं को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, 10वीं और 12वीं की मूल अंकतालिका तथा प्रवेश का प्रमाण जैसे बोनाफाइड प्रमाणपत्र या फीस रसीद की स्पष्ट और बिना संपादन की गई रंगीन प्रतियां तैयार रखनी होंगी।
आवेदन पूरी तरह निःशुल्क
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन के किसी भी चरण में कोई शुल्क नहीं लिया जाता। फाउंडेशन फोन कॉल या संदेश के माध्यम से बैंक खाते की जानकारी या OTP नहीं मांगता और छात्रवृत्ति के लिए कोई इंटरव्यू भी नहीं लिया जाता। छात्राओं को संदिग्ध कॉल, संदेश या व्यक्तियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन ने वर्ष 2024 में इस स्कॉलरशिप की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य आर्थिक बाधाओं के कारण उच्च शिक्षा से वंचित रह जाने वाली छात्राओं को कॉलेज शिक्षा जारी रखने का अवसर देना है। धमतरी जिले की पात्र छात्राओं से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
आवेदन के लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के “Azim Premji Scholarship” सेक्शन का उपयोग किया जा सकता है। स्कॉलरशिप व्हाट्सऐप हेल्पलाइन: +91 90199 60536
