Surbhi Jyoti : मुंबई। टीवी की मशहूर एक्ट्रेस और ‘नागिन’ फेम सुरभि ज्योति के घर खुशियों ने दस्तक दी है। 38 साल की उम्र में सुरभि ज्योति मां बन गई हैं और उन्होंने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। इस खुशखबरी को एक्ट्रेस ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ साझा किया, जिसके बाद से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
सोशल मीडिया पर शेयर की खुशखबरी
सुरभि ज्योति ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि “ॐ, हमारी बेटी आ गई है, हमारा दिल प्यार और आभार से भर गया है।” पोस्ट के साथ साझा किए गए मैसेज में बताया गया कि 13 जून 2026 को उनके घर बेटी का जन्म हुआ। यह खबर सामने आते ही उनके फैंस और टीवी इंडस्ट्री के कई सितारों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
फैंस और सेलेब्स ने दी बधाई
सुरभि के मां बनने की खबर पर टीवी और फिल्म जगत के कई कलाकारों ने खुशी जाहिर की। हिना खान, अविका गौर, करण वाही समेत कई सेलेब्स ने उन्हें बधाई दी। वहीं फैंस ने भी सोशल मीडिया पर प्यार लुटाते हुए लिखा कि “नागिन अब मां बन गई हैं” और “यह सबसे खूबसूरत खबर है।”
प्रेग्नेंसी फेज रहा था चर्चा में
पिछले कुछ महीनों से सुरभि ज्योति अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर लगातार सुर्खियों में थीं। उन्होंने अपने बेबी बंप फोटोशूट की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की थीं, जो खूब वायरल हुई थीं। अब बेटी के जन्म के साथ उनके जीवन में एक नया और खूबसूरत अध्याय शुरू हो गया है।
शादी के दो साल बाद मिली बड़ी खुशी
सुरभि ज्योति ने साल 2024 में अभिनेता सुमित सूरी से शादी की थी। शादी के दो साल बाद यह कपल माता-पिता बना है। फिलहाल मां और बच्ची दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। सुरभि के इस नए सफर को लेकर उनके चाहने वालों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
