देश में जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा संदेश देते हुए केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री Jual Oram ने कहा कि लोगों को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना ही सरकार का लक्ष्य है।
नई दिल्ली में National Scheduled Tribes Finance and Development Corporation के 25वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में संबोधित करते हुए उन्होंने निगम को जनजातीय उद्यमिता का मजबूत उत्प्रेरक बताया। उन्होंने कहा कि एनएसटीएफडीसी का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर बनाकर उद्यमी के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से चयनित लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया। बेमेतरा जिले के किशन ध्रुव (किराना व्यवसाय) और धनराज ठाकुर (फोटो स्टूडियो व्यवसाय) को उनके सफल प्रयासों के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। साथ ही राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के प्रतिनिधि प्रवीण कुमार लाटा की भी सराहना की गई।
मंत्री ने बताया कि एनएसटीएफडीसी द्वारा बिना किसी गारंटी के वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है, जिससे अधिक से अधिक जनजातीय लाभार्थी योजनाओं का लाभ उठा सकें। अब तक निगम ने देशभर में 16 लाख से अधिक ऋण वितरित किए हैं और कुल वितरण राशि 4000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी है।
इस अवसर पर जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा, संयुक्त सचिव अनंत प्रकाश पांडे और एनएसटीएफडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक टी. रौमुआन पाइते सहित कई अधिकारी और राज्य स्तरीय एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
