धरसींवा, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा धरसींवा खंड के ग्राम मनोहरा में एक भव्य सदस्यता अभियान एवं संगठन विस्तार बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में युवा संगवारी, सेनानी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति और छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की रक्षा एवं संवर्धन के लिए कार्य करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में संगठन की विचारधारा एवं उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर 57 युवाओं ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की सदस्यता ग्रहण कर संगठन से जुड़ने की घोषणा की। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से पुराने एवं समर्पित सेनानी भाइयों को विभिन्न दायित्व सौंपते हुए नवनियुक्त पदाधिकारी नियुक्त किए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी नए एवं पुराने सदस्यों ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति, जल-जंगल-जमीन एवं छत्तीसगढ़िया समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेंगे तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
बैठक में संगठन विस्तार को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों एवं सेनानियों को निर्देशित किया गया कि वे गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर जनजागरण अभियान चलाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन की विचारधारा से जोड़ें। इस दौरान सभी उपस्थित सेनानियों एवं पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा सदस्यता अभियान को और तेज गति से चलाने की सहमति प्रदान की।
वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना लगातार छत्तीसगढ़ के हित, स्थानीय युवाओं के अधिकार, रोजगार, संस्कृति संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता के मुद्दों पर कार्य कर रही है। संगठन का उद्देश्य छत्तीसगढ़िया समाज को संगठित कर प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी आवाज बुलंद करना है।
बैठक का समापन “जय छत्तीसगढ़, जय छत्तीसगढ़िया” एवं “जोहार छत्तीसगढ़” के उद्घोष के साथ हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों ने संगठन के विस्तार और जनजागरण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
