Bhooth Bangla : मुंबई। अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी की नई फिल्म ‘भूत बंगला’ की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, लेकिन शुरुआती रिस्पॉन्स मिक्स्ड रहा है। 17 अप्रैल 2026 को रिलीज होने वाली इस फैंटेसी हॉरर-कॉमेडी ने पहले दिन लगभग 8,068 टिकट बेचे और करीब 13.84 लाख रुपये का कलेक्शन किया। ब्लॉक सीटों सहित यह आंकड़ा लगभग 38.97 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
अभी धीमी है रफ्तार, उम्मीद बाकी
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि रिलीज से अभी दो दिन बाकी हैं, ऐसे में एडवांस बुकिंग की रफ्तार बढ़ सकती है। फिल्म को टॉप 10 प्री-सेल्स लिस्ट में जगह बनाने के लिए केसरी चैप्टर 2 के 1.84 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करना होगा। मौजूदा ट्रेंड्स को देखते हुए अगले 24 घंटों में कलेक्शन में उछाल आने की संभावना जताई जा रही है।
ओपनिंग पर टिकी नजरें
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘भूत बंगला’ पहले दिन 12 से 16 करोड़ रुपये के बीच ओपनिंग कर सकती है, जिसमें 2 से 3 करोड़ रुपये के पेड प्रीव्यू भी शामिल हैं। फिल्म का असली भविष्य दर्शकों के वर्ड ऑफ माउथ पर निर्भर करेगा। अगर कंटेंट दर्शकों को पसंद आया तो कमाई में तेजी से उछाल आ सकता है, अन्यथा बॉक्स ऑफिस पर टिके रहना मुश्किल हो सकता है।
मल्टीस्टार कास्ट बढ़ा रही एक्साइटमेंट
फिल्म में अक्षय कुमार के साथ परेश रावल, राजपाल यादव, असरानी और मनोज जोशी जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। यही वजह है कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग कितनी रफ्तार पकड़ती है और क्या यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर पाती है।
