बिलासपुर: नीट यूजी 2026 परीक्षा परिणाम और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों में बढ़ते मानसिक तनाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर ने 24×7 मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को मनोवैज्ञानिक परामर्श और भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराना है, ताकि वे तनावमुक्त होकर आगे की प्रक्रिया में भाग ले सकें।
चिकित्सा शिक्षा आयुक्त, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर सिम्स के मनोरोग विभाग द्वारा यह विशेष सुविधा शुरू की गई है। अधिष्ठाता कार्यालय के अनुसार मोबाइल नंबर 9425502353 को 18 जून 2026 से आगामी दो सप्ताह तक हेल्पलाइन नंबर के रूप में संचालित किया जाएगा।
हेल्पलाइन के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम, काउंसिलिंग, प्रवेश प्रक्रिया, भविष्य की चिंता, तनाव, घबराहट और अन्य मानसिक समस्याओं से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से मार्गदर्शन मिलेगा। इस सेवा का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाना और कठिन परिस्थितियों में सकारात्मक सहयोग प्रदान करना है।
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य उनके शैक्षणिक प्रदर्शन जितना ही महत्वपूर्ण है। प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के दौरान कई छात्र मानसिक दबाव और चिंता का सामना करते हैं। ऐसे समय में उचित परामर्श और सकारात्मक संवाद उन्हें तनाव से बाहर निकालने में मददगार साबित हो सकते हैं।
मनोरोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत नायक ने बताया कि परीक्षा परिणाम और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान तनाव, चिंता, निराशा और असफलता का भय जैसी भावनाएं सामान्य हैं। समय पर विशेषज्ञ सलाह और परामर्श मिलने से इन समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन सेवा का उपयोग करने की अपील की।
सिम्स द्वारा शुरू की गई यह पहल विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे उन्हें परीक्षा और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान बेहतर भावनात्मक सहयोग मिल सकेगा।
