CG Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 26 अप्रैल तक प्रदेश के मध्य इलाकों में लू चलने की संभावना है। आने वाले 24 घंटों में तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को और अधिक गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
दुर्ग में सबसे ज्यादा गर्मी, 43.5°C दर्ज
बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, लेकिन इसका गर्मी पर कोई खास असर नहीं पड़ा। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा, जिससे तापमान में और इजाफा होने की संभावना है।
मराठवाड़ा से कोमोरिन तक बनी द्रोणिका का असर
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, मराठवाड़ा से कोमोरिन क्षेत्र तक बनी द्रोणिका और महाराष्ट्र-तेलंगाना क्षेत्र के ऊपर सक्रिय प्रति चक्रवात के कारण गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ रहा है। यही कारण है कि पूरे प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है।
रायपुर में आसमान साफ, अधिकतम तापमान 43°C रहने की संभावना
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, खूब पानी पिएं और खुद को हाइड्रेट रखें।
26 अप्रैल तक सतर्क रहने की जरूरत
26 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ में गर्मी का यह दौर जारी रहने वाला है। खासकर मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग और मौसम विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें।
