छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का वर्षों पुराना इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया है। राज्य सरकार ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करते हुए सूची जारी कर दी है। चयनित खिलाड़ी 20 विभिन्न खेलों से जुड़े हैं। लंबे समय से लंबित इस प्रक्रिया के पूरी होने से खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिली है।
वर्ष 2016 से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग को दोनों वर्षों के लिए कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें वर्ष 2018-19 के 344 और वर्ष 2019-20 के 439 आवेदन शामिल थे। प्रारंभिक जांच के बाद 651 आवेदन स्क्रूटनी के लिए पात्र पाए गए। इसके बाद उच्चस्तरीय समिति की अंतिम समीक्षा में 156 खिलाड़ियों का चयन किया गया।
उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा मिलने के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता भी आसान हो गया है। राज्य के सभी सरकारी विभागों में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए दो प्रतिशत पद आरक्षित हैं। लंबे समय से सूची जारी नहीं होने के कारण इन पदों पर नियुक्तियां प्रभावित हो रही थीं। अब सूची जारी होने से खिलाड़ियों को आरक्षण का लाभ मिलने और सरकारी सेवाओं में नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त होगा।
