मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले में ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए चार प्रमुख संपर्क मार्गों के निर्माण हेतु 8 करोड़ 44 लाख 68 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के तहत स्वीकृत इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
स्वीकृति के अनुसार बुलडेगा से रेचवाघाट पहुंच मार्ग (1.20 किलोमीटर) के निर्माण के लिए 1 करोड़ 23 लाख 77 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इस सड़क के बनने से ग्रामीणों को पूरे वर्ष सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
खुंटापानी से सलियामुड़ा पहुंच मार्ग (3 किलोमीटर) के निर्माण के लिए 3 करोड़ 46 लाख 67 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह मार्ग कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
कोसमभावना से बनगांव पहुंच मार्ग (1.20 किलोमीटर) के निर्माण, जिसमें पुल-पुलिया का निर्माण भी शामिल है, के लिए 1 करोड़ 43 लाख 84 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना से विशेषकर बारिश के मौसम में आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इसके अलावा बुलडेगा मेन रोड से सुकबासुपारा होते हुए भिंजपुर पहुंच मार्ग (2.50 किलोमीटर) के निर्माण के लिए 2 करोड़ 30 लाख 40 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। सड़क बनने से क्षेत्र के कई गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी।
इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों और मरीजों का आवागमन सुगम बनेगा तथा स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण परियोजनाओं की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से जशपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
