दुर्ग जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 4 करोड़ 85 लाख 43 हजार रुपये की लागत से अत्याधुनिक सर्जिकल विंग (फेज-2) का निर्माण किया जाएगा। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने जिला चिकित्सालय परिसर में इस परियोजना का भूमिपूजन किया।
मंत्री ने बताया कि नए सर्जिकल विंग में 7 आधुनिक पेइंग रूम बनाए जाएंगे, जहां मरीजों और उनके परिजनों को निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। भवन में दो विशाल वेटिंग हॉल, सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग, टेलीविजन और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे उपचार के साथ मरीजों के परिजनों को भी बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में लंबे समय से पेइंग वार्ड की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों, विशेषकर प्रसूता महिलाओं और उनके परिजनों को निजी अस्पतालों का विकल्प चुनना पड़ता था। नए पेइंग वार्ड के शुरू होने से डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा को चिकित्सकों की निगरानी में सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में रखने की सुविधा उपलब्ध होगी।
मंत्री ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले जिला अस्पताल में पेइंग वार्ड संचालित होता था, जहां अलग किचन सहित कई विशेष सुविधाएं उपलब्ध थीं। समय के साथ यह व्यवस्था बंद हो गई थी। अस्पताल में बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए पेइंग वार्ड दोबारा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने कहा कि नए पेइंग वार्ड में मरीजों को होटल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही भविष्य में जिला अस्पताल में एमआरआई सेंटर और सीटी स्कैन सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि लोगों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।
