विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में अंडर-19 बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 9 से 13 अगस्त 2026 तक आयोजित की जा रही है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजनांदगांव में प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, कराटे और कुश्ती सहित विभिन्न खेलों में जिले के खिलाड़ी लगातार आगे बढ़ रहे हैं। राजनांदगांव को खेल नगरी के रूप में और विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों की जरूरत के अनुरूप मैदान, कोर्ट, प्रशिक्षण सुविधाएं और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर बजट का प्रावधान किया है। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, कोचिंग, प्रशिक्षकों के विशेष प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव के बच्चे भी खेलों के प्रति उत्साह के साथ मैदानों में पहुंच रहे हैं। सुबह बड़ी संख्या में बच्चे हॉकी, फुटबॉल और क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों का अभ्यास करते दिखाई देते हैं। यह जिले की मजबूत खेल संस्कृति और प्रतिभाओं की नींव को दर्शाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, नियमित अभ्यास और मेहनत के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
राजनांदगांव खेलों की राजधानी के रूप में बना रहा पहचान: अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजनांदगांव संस्कारधानी के साथ-साथ अब खेलों की राजधानी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। ज्ञानेश्वरी यादव जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर राजनांदगांव का नाम रोशन किया है और जिले में ऐसी अनेक खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद खेल और खिलाड़ियों की तरक्की के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों की लंबित घोषणा को पूरा करते हुए इस वर्ष 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की खेल और खिलाड़ियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसका उपयोग खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से अधोसंरचना से संबंधित प्रस्ताव मिलने पर आवश्यकतानुसार बजट उपलब्ध कराने पर विचार किया जाएगा।
सांसद संतोष पाण्डेय ने भी खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
सांसद संतोष पाण्डेय ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजनांदगांव में वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाएं लगातार सामने आ रही हैं। जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
उन्होंने दिग्विजय स्टेडियम परिसर में उपलब्ध भवनों और अन्य संसाधनों का खिलाड़ियों के हित में बेहतर उपयोग करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जानी चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष विक्रम सिंह सिसोदिया, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, रमेश पटेल, राजेश श्यामकर, योगेश बागड़ी और सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी, कोच, प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
