पूर्वोत्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड कम्युनिटी, दिल्ली-एनसीआर तथा छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने समन्वयक सुशील अग्रवाल के नेतृत्व में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर राज्यों और दिल्ली-एनसीआर के बीच व्यापारिक एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। यहां वनोपज, कृषि एवं फार्मिंग, स्टील, चाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार और उद्योग की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा व्यापार और उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए पूर्वोत्तर राज्यों तथा दिल्ली-एनसीआर में भी व्यापार एवं उद्योग के विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं हैं। दोनों क्षेत्रों के चैंबर ऑफ कॉमर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यापारियों और उद्योगपतियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
प्रतिनिधिमंडलों ने आपसी व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने तथा व्यापार एवं उद्योग के नए अवसर विकसित करने को लेकर अपने विचार साझा किए। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर पूर्वोत्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड कम्युनिटी, नई दिल्ली-एनसीआर के अध्यक्ष अजय खेमानी, राजेश सोनी, सह-समन्वयक सारंग अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
