गंडई , छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से एक रौंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक आईटीआई छात्र ने अपनी एक्स प्रेमिका के पति को मारने की खौफनाक साजिश रच डाली। आरोपी ने होम थिएटर स्पीकर के अंदर बम फिट कर पार्सल भेजा था। योजना थी कि जैसे ही स्पीकर को बिजली से जोड़ा जाएगा, जोरदार धमाका होगा और उसकी मौके पर ही मौत हो जाएगी। लेकिन इससे पहले ही राज खुल गया और बड़ी घटना टल गई।
पार्सल से निकला बारूद
16 अगस्त को मानपुर निवासी अफसार खान के घर एक नया पैक्ड होम थिएटर पार्सल पहुंचा। अफसार को उसे उठाते ही शक हुआ क्योंकि स्पीकर असामान्य रूप से भारी था और पावर पिन टूटा हुआ था। सावधानी से जांच करने पर उसमें से जिलेटिन की छड़ें, तार और डेटोनेटर मिले। अफसार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और इलाके को सील कर दिया।
आईटीआई छात्र निकला मास्टरमाइंड
जांच में खुलासा हुआ कि इस साजिश के पीछे आईटीआई का छात्र विनय वर्मा है। पूछताछ में विनय ने कबूल किया कि उसने यह योजना अपनी पूर्व प्रेमिका के पति अफसार को खत्म करने के लिए बनाई थी। पुलिस के अनुसार, शादी से पहले अफसार की पत्नी और विनय के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन युवती ने रिश्ता तोड़कर अफसार से शादी कर ली। इसी बात से नाराज होकर विनय ने बदला लेने के लिए यह साजिश रची।
सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें परमेश्वर वर्मा, गोपाल वर्मा, घासीराम वर्मा, दिलीप धिमर, गोपाल खेलवार और खिलेश के नाम सामने आए हैं। किसी ने जिलेटिन खरीदा, किसी ने नकली इंडिया पोस्ट का लोगो बनाया, तो किसी ने डिलीवरी में मदद की। छापेमारी में 60 जिलेटिन की छड़ें और 2 डेटोनेटर बरामद किए गए, जिन्हें दुर्ग की पत्थर खदानों से अवैध रूप से लाया गया था।
जेल भेजे गए आरोपी
एसपी लक्ष्य शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी विनय वर्मा समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है।
