महिला एवं बाल विकास मंत्री और भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने शुक्रवार को भटगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में उपचार व्यवस्था, स्वच्छता, दवा उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने ओपीडी, वार्ड, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पेयजल व्यवस्था और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली।
मंत्री ने अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, दवाओं का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने और चिकित्सा उपकरणों के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख आधार हैं। इसलिए इन संस्थानों में सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
