राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने धमतरी कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, स्वामित्व कार्ड और भूमि डायवर्सन जैसे राजस्व मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने का आह्वान किया, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे।
बैठक के दौरान मंत्री ने पांच हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड और पांच हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए।
मानसून के मद्देनजर मंत्री ने बाढ़ और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग को नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं कृषि विभाग से किसानों के लिए खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने और आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 200 बिस्तरीय मातृ-शिशु अस्पताल, नेत्र एवं ट्रॉमा सेंटर, कुरूद में 100 बिस्तरीय अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा सड़क, ऑडिटोरियम, इनडोर स्टेडियम, नालंदा परिसर, रेलवे, औद्योगिक पार्क और पर्यटन विकास से जुड़े कार्य अगले दो वर्षों में पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि विकसित भारत 2047 और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बैठक में पुलिस अधीक्षक, वनमंडलाधिकारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिले के सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
