लक्ष्मी राजवाड़े की तत्पर पहल से सिलफिली सब्जी मंडी में वर्षों से चली आ रही ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और सार्वजनिक शौचालय संचालन की समस्याओं का समाधान हो गया है। इससे व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।
बताया गया कि 10 मई को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सिलफिली सब्जी मंडी का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने ट्रांसफार्मर की अनुचित स्थिति, आवागमन में हो रही दिक्कतों और सार्वजनिक शौचालय के संचालन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी थी। मंत्री ने मौके पर ही संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंडी परिसर में ट्रांसफार्मर लंबे समय से ऐसे स्थान पर लगा था, जहां व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों को सुरक्षा जोखिम और आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मंत्री के निर्देश के बाद बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर को सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कर दिया। इससे मंडी परिसर में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो गया है।
इसके साथ ही मंत्री की पहल पर मंडी क्षेत्र के सार्वजनिक शौचालय को भी व्यवस्थित रूप से संचालित कराया गया, जिससे व्यापारियों, महिलाओं और आम नागरिकों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक सुविधा मिल सकी है।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली से क्षेत्रवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
