सुशासन तिहार 2026 के तहत कुसुमताल में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के अंतर्गत हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास, पेंशन और दिव्यांग सहायता जैसी सुविधाएं दी गईं।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को उनके पक्के घर के सपने को साकार करने के लिए “खुशियों की चाबी” सौंपी गई। वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र लोगों को पेंशन प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
दिव्यांग हितग्राहियों को भी विशेष सहायता प्रदान की गई। एक दिव्यांग हितग्राही को सहायक उपकरण के रूप में व्हीलचेयर दी गई, जिससे उनके दैनिक जीवन में सुविधा और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। योजनाओं का लाभ मिलने से ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में सरिता भगत, हीरामती पैंकरा, सुदाम पांडा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों को गांव के पास ही योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
शिविर के दौरान “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
ग्रामीणों ने कहा कि इस पहल से उन्हें योजनाओं का लाभ घर के पास ही मिल रहा है, जिससे समय, धन और श्रम की बचत हो रही है। उन्होंने इसे जनसमस्याओं के समाधान और जीवन स्तर सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
