स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में सीलिंग रिपेयरिंग का काम कर रहा एक इलेक्ट्रीशियन अचानक ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब वेटिंग हॉल में बड़ी संख्या में यात्री अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मजदूर करीब 30 फीट से अधिक ऊंचाई पर सीलिंग में मरम्मत कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मजदूर यात्रियों के बीच गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान कुबेर चंद साहू (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के जीजामगांव का रहने वाला था।
