अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में राजनांदगांव जिले के घुमका थाना क्षेत्र के ग्राम मोहंदी निवासी ओमकार वर्मा ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार गांव के ही आरोपी कमलनारायण साहू ने एम्स रायपुर में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी ने अपने कथित रसूख और पहचान का हवाला देकर पीड़ितों को झांसे में लिया और अलग-अलग लोगों से कुल 10 लाख 60 हजार रुपए वसूल लिए।
ठगी का शिकार हुए लोगों में ओमकार वर्मा के भाई हरिनारायण वर्मा, महेश साहू की बेटी शीतल साहू और कीर्तन वर्मा के भाई प्रताप वर्मा शामिल हैं। बताया गया कि यह रकम 7 अक्टूबर 2024 से 4 फरवरी 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में आरोपी को दी गई थी।
जब लंबे समय तक किसी की नौकरी नहीं लगी और आरोपी टालमटोल करने लगा, तब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद घुमका थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले भी एम्स रायपुर में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आ चुका है। एक अन्य मामले में भिलाई के युवक से 14.50 लाख रुपए की ठगी की गई थी, जिसमें पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से आरोपी को गिरफ्तार किया था।
