SING Forum 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे के दौरान SING Forum 2026 के मंच से वैश्विक उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और उभरते निवेश अवसरों को सामने रखते हुए सिंगापुर के निवेशकों और कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया। SING Forum 2026 का आयोजन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से किया जा रहा है और इसमें छत्तीसगढ़ को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर भागीदारी का अवसर मिला है।
खनिज आधारित पहचान से आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है। राज्य तकनीक, नवाचार और आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों में भी अपनी संभावनाएं तेजी से विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्राकृतिक संसाधनों के साथ आधुनिक तकनीक और बेहतर अधोसंरचना को जोड़कर छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
सिंगापुर की तकनीक और छत्तीसगढ़ की क्षमता का मेल
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की तकनीकी दक्षता, शहरी नियोजन और विकास के अनुभव को छत्तीसगढ़ के औद्योगिक संसाधनों के साथ जोड़ने की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच सहयोग से नई परियोजनाओं, तकनीकी साझेदारी और निवेश के अवसर तैयार हो सकते हैं।
साय ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेश के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण उपलब्ध कराने और परियोजनाओं को आवश्यक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे छत्तीसगढ़ में नए उद्योगों और वैश्विक कंपनियों के लिए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
लॉजिस्टिक्स से लेकर ग्रीन एनर्जी तक पर फोकस
SING Forum के दौरान संभावित सहयोग के कई क्षेत्रों पर चर्चा हुई। इनमें टेक्नोलॉजी और प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास जैसे क्षेत्र प्रमुख रहे। सिंगापुर की विशेषज्ञता और छत्तीसगढ़ की जरूरतों के बीच तालमेल बनाकर इन क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करने और विदेशी निवेश आकर्षित करने पर जोर दे रही है।
निवेश के साथ रोजगार और कौशल विकास पर भी जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच मजबूत साझेदारी का फायदा केवल निवेश तक सीमित नहीं रहेगा। इससे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ युवाओं के कौशल विकास और आधुनिक तकनीक के हस्तांतरण को भी बढ़ावा मिल सकता है।
SING Forum 2026 को छत्तीसगढ़ के लिए वैश्विक उद्योग जगत के साथ सीधे संवाद और निवेश संभावनाओं को सामने रखने के एक महत्वपूर्ण मंच के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर के उद्योग जगत के सामने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक और निवेश क्षमता को प्रस्तुत कर रहा है।
