बलौदाबाजार जिले के लवन रोड स्थित दीपल ट्रेडर्स के तेल गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया। हादसे में करोड़ों रुपए का किराना सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के मुताबिक गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल, घी के पीपे और अन्य ज्वलनशील किराना सामान रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग का धुआं काफी दूर से देखा जा सकता था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां लगातार मशक्कत कर रही हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। वहीं रायपुर से अतिरिक्त दमकल टीम बुलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
दुकान मालिक के अनुसार रात करीब 9 बजे दुकान और गोदाम बंद कर वे घर चले गए थे। देर रात 3 से 4 बजे के बीच उन्हें गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी और लगभग पूरा सामान जल चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
