गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल तीन शूटर अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम बिटकुला निवासी खुशीराम साहू है। उसने कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में सोना-चांदी व्यापारियों की गतिविधियों की रेकी कर पूरी योजना तैयार की थी। इस साजिश में उसका भतीजा राजाराम साहू भी शामिल था।
जांच में सामने आया कि खुशीराम साहू ने बिहार और झारखंड के अपराधियों से संपर्क कर शूटर बुलाए थे। राहुल नामक आरोपी अपने साथियों संजय और राजू के साथ बिहार से पहुंचा और सभी ने मिलकर लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी देवरीखुर्द स्थित गया प्रसाद रजक के घर पहुंचे, जहां लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों का बंटवारा किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
घटना में शामिल तीनों शूटर राहुल, संजय और राजू अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अन्य राज्यों में रवाना की गई हैं।
बिलासपुर रेंज के रामगोपाल गर्ग ने पेंड्रा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया। इस दौरान भोजराम पटेल, अविनाश मिश्रा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आईजी ने मामले के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस टीम की सराहना की।
